बांका के बेलहर थाना क्षेत्र के बेलहर बाजार के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मुंगेर के मंगणिया निवासी रोशन कुमार की मौत हो गई। घटना सोमवार शाम करीब 3:30 बजे की है। रोशन कुमार अपने साथी विक्रम कुमार के साथ बाइक से मौसी के घर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बेलहर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद रोशन कुमार को मृत घोषित कर दिया। विक्रम कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मुंगेर से मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेलहर थाना प्रभारी राज किशोर कुमार ने बताया कि पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए भेज दिया है।
